भास्कर न्यूज | टिटिलागढ़ मुरिबाहल थाना क्षेत्र के चित्रामुंडा गांव में एक विधवा महिला की बेरहमी से हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रंजू साहू के रूप में हुई है, जिसके तीन छोटे बच्चे हैं। अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को पास की झाड़ियों में फेंक दिया था। घटना को 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। इसी बात से नाराज आक्रोशित ग्रामीणों ने गौइमुंड चौक पर चक्काजाम कर दिया है। ग्रामीणों के इस उग्र प्रदर्शन की वजह से टिटिलागढ़ से बंगोमुंडा जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे सड़क से नहीं हटेंगे। घटना की सूचना मिलते ही मुरिबाहल थाना प्रभारी (आईआईसी) दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिया। पुलिस के आश्वासन के बावजूद ग्रामीण मौके पर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि पुलिस सिर्फ हाथ पर हाथ धरे बैठी है, जबकि हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और आला अधिकारी ग्रामीणों को मनाने की कोशिश में जुटे हैं।
<
