भास्कर न्यूज | चिल्फी घाटी बोड़ला विकासखंड के ग्राम पंचायत राजाढार के ग्राम जामपानी के पारा नवाटोला में पिछले चार माह से बोरिंग खराब है। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ी। क्षेत्र के दोनों कुओं का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया। परेशानी और बढ़ गई। ग्रामीणों के मुताबिक नवाटोला की बोरिंग कई महीनों से ठीक से काम नहीं कर रही। पिछले साल भी सोशल मीडिया के जरिए संबंधित विभाग को समस्या बताई गई थी। तब कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। सिर्फ वायसर लगाकर मरम्मत की औपचारिकता कर दी थी। ग्रामीण लगातार बोरिंग में नई रॉड लगाने की मांग कर रहे थे। कुंवारियां बाई और रमोतिन बाई ने बताया कि बोरिंग में पानी है। गर्मी में जलस्तर नीचे चला जाता है। मौजूदा रॉड कम पड़ जाती है। पर्याप्त पानी नहीं निकल पाता। इस बोरिंग पर करीब सात परिवारों का रोज का निस्तार टिका है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो कुएं हैं। भीषण गर्मी में दोनों में पानी बहुत कम हो गया है। कई बार सुबह और देर शाम पानी भरने के लिए इंतजार करना पड़ता है। महिलाओं और बच्चों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है। नई बोरिंग के लिए आवेदन दिया है: ग्राम पंचायत सचिव राजाढार ने बताया कि बोरिंग खराब है। नई बोरिंग के लिए संबंधित विभाग को आवेदन भेजा गया है। स्थायी समाधान के लिए विभागीय कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जल्द नई बोरिंग स्वीकृत करने की मांग की है। पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
<
