![]()
गौरेला क्षेत्र के पीपरखुंटी गांव में एक युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और फिर उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश पोर्ते को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीपरखुंटी निवासी कमलेश पोर्ते (23) ने नवंबर 2025 से युवती को अपनी बातों में फंसाकर और शादी का झूठा वादा कर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान जब युवती गर्भवती हो गई, तो आरोपी उसे शादी का भरोसा देते हुए ग्राम पकरिया स्थित अपने एक परिचित के घर ले गया। युवती को धोखे से खिलाई गर्भपात की दवा वहां आरोपी ने धोखे से युवती को गर्भपात की दवा खिला दी। गर्भपात होने के बाद जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने अपने वादे से मुकरते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। पंचायत के फैसले को ठुकरा कर युवती को धमकाता रहा विवाद बढ़ने पर इस मामले को सुलझाने के लिए ग्राम स्तर पर पंच-सरपंचों की मौजूदगी में एक सामाजिक बैठक भी बुलाई गई थी, लेकिन आरोपी ने पंचायत के फैसले को ठुकरा दिया और पीड़िता को डराना-धमकाना जारी रखा। फिर पीड़िता ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी कमलेश पोर्ते को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पेंड्रारोड न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
<
