भास्कर न्यूज | कवर्धा धर्म नगरी कवर्धा में 27 अप्रैल को गो-सम्मान आह्वान अभियान को लेकर माहौल गरमाने लगा है। देशभर के साथ कबीरधाम जिले में भी इस अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। गौ सेवकों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर कार्यक्रम की अनुमति ली और प्रशासन को विस्तृत जानकारी सौंपी है। अभियान के तहत 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे गांधी मैदान में बड़ी संख्या में गौ सेवक और आमजन एकत्रित होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे तक तहसील कार्यालय पहुंचकर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गोमाता को राष्ट्र माता या राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा दिलाना है। साथ ही गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना और गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की मांग को मजबूत करना है। गौ सेवकों का कहना है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों पर भटक रहा है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में गौ संरक्षण को लेकर ठोस नीति बनाने की जरूरत है। अभियान के तहत हर गांव में आदर्श नंदीशाला बनाने, गोचर भूमि को सुरक्षित रखने और गो- अभयारण्य विकसित करने की मांग भी उठेगी। इससे गोवंश को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और वे खुले में सुरक्षित विचरण कर सकेंगे। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। मनरेगा से भी गौ-पालन को जोड़ने की मांग रखी गई गौ सेवकों ने गौ-पालन को मनरेगा से जोड़ने की भी मांग रखी है। ताकि देशी गाय पालने वालों को साल में 125 दिन का रोजगार मिल सके। गोबर और गोमूत्र पर वैज्ञानिक शोध, जैविक खाद निर्माण और किसानों को सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
<
