दंतेवाड़ा| जिले में विकास कार्यों की प्राथमिकताओं को लेकर एक अजीब मामला सामने आया है। विधायक चैतराम अटामी के गांव में बिना सड़क बनाए ही पुलिया का निर्माण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। जहां पुलिया बनाई जा रही है, वहां आगे जाने के लिए न तो कोई सड़क है और न ही साइकिल चलने लायक रास्ता मौजूद है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारा करीब 5 लाख रुपए की लागत से इस पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरी तरह उल्टे क्रम में किया जा रहा है। नियमानुसार पहले कच्ची सड़क तैयार की जानी चाहिए, उसके बाद पुलिया का निर्माण और अंत में पक्की सड़क बनाई जानी चाहिए, लेकिन यहां सीधे पुलिया बनाई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इसे संसाधनों की बर्बादी बताते हुए सवाल उठाए हैं कि जब मार्ग ही नहीं है तो पुलिया का क्या औचित्य है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और उपयोगिता सुनिश्चित हो सके।
<
