![]()
भिलाई में मंगलवार रात करीब 10 बजे चाकूबाजी की घटना हुई। हाल ही में जेल से छूटे एक बदमाश ने पुरानी रंजिश और गवाही का बदला लेने के लिए दो युवकों पर हमला कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले आरोपी शेख शाहरूख और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हीं के मोहल्ले में उनका जुलूस निकाला और चौक पर उठक-बैठक भी करवाई। बाद में सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।
खाना खाने के बाद टहल रहे थे दोनों
घायल दोनों युवक आपस में दोस्त हैं और रात में खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि दोनों युवक संभल नहीं पाए और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने जुलूस निकालकर करवाई उठक-बैठक गवाही देने से था नाराज
बताया जा रहा है कि आरोपी शेख शाहरूख और पीड़ितों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। वहीं आरोपी गवाही देने की बात से भी नाराज थे। पीड़ितो ने आरोपियों के खिलाफ किसी मामले में गवाही दी थी, इस बात की भी रंजिश आरोपियों ने पाल रखी थी। इसी के चलते आरोपी ने बदला लेने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी हाल ही में जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और चश्मदीदों से पूछताछ की। इसके आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मोहल्ले में निकाला आरोपियों का जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों का शाम को 5.30 बजे इलाके में जुलूस निकाला और उनसे उठक-बैठक भी करवाई। पुलिस ने इस दौरान आरोपियों से अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है के नारे भी लगवाए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की पूरी जांच की जा रही है। सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि आरोपी शेख शाहरूख और उसके साथियों को गिरफ्तार कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है।
<
