![]()
गरियाबंद के कूकदा पिकअप वियर में नहाने के दौरान एक युवती और उसे बचाने गया एक युवक डूब गए। दोनों की मौत हो गई और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतक रायपुर के शंकर नगर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, रायपुर से 4 दोस्त पिकनिक मनाने गरियाबंद के पैरी नदी स्थित कूकदा पिकअप वियर पहुंचे थे। खाना खाने के बाद सभी नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए 30 वर्षीय पीयूष मंडल भी पानी में उतरा, लेकिन दोनों ही गहराई में चले गए और डूब गए। साथ आए दो अन्य दोस्तों ने शोर मचाकर मदद बुलाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पाण्डुका पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की तलाश के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। एसडीओपी निशा सिन्हा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
<
