![]()
खैरागढ़ के मानव मंदिर होटल में खराब मिठाई को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। राज फैमिली वार्ड निवासी प्रकृति सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने होटल से लगभग 150 रुपए की आम और दूध से बनी मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचने पर मिठाई के डिब्बे से तेज बदबू आने लगी, जिससे वे हैरान रह गईं। प्रकृति सिंह ने मिठाई को सुरक्षित फ्रिज में रखा और अगले दिन शिकायत लेकर सीधे मानव मंदिर होटल पहुंचीं। उनका आरोप है कि होटल प्रबंधन ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया, बल्कि उन्हें ही गलत ठहराने की कोशिश की और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इसी बात को लेकर होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही खैरागढ़ की फ़ूड सेफ्टी यूनिट मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फ़ूड सेफ्टी टीम ने शिकायतकर्ता द्वारा लाई गई मिठाई के साथ-साथ होटल में रखे संबंधित खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जब्त किए हैं। लैब रिपोर्ट के बाद होगी गुणवत्ता की पुष्टि इन सैंपलों को अब लैब जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मिठाई तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप थी या नहीं। प्रकृति सिंह ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने छोटे बच्चे को स्तनपान कराती हैं और यदि वे यह खराब मिठाई खा लेतीं तो इसका असर उन पर और उनके बच्चे पर भी पड़ सकता था। गर्मी में मिठाइयों के खराब होने का बढ़ता खतरा खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, दूध और आम से बनी मिठाइयों में गर्मी के मौसम में खराब होने का खतरा अधिक रहता है। तापमान और भंडारण में थोड़ी सी भी लापरवाही बैक्टीरिया पैदा कर सकती है, जिससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त और संक्रमण जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। फिलहाल, इस पूरे मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
<
