कवर्धा| खेड़ापति हनुमान मंदिर में जीर्णोद्धार के उपरांत से शुरू हुए, परंपरा के तहत इस वर्ष भी पाटोत्सव का आयोजन 12 अप्रैल, रविवार को किया जाएगा। पुजारी चंद्रकिरण तिवारी ने बताया कि मंदिर का निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था, जिसमें जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज की विशेष उपस्थिति में कुंभाभिषेक यज्ञ संपन्न हुआ था और मंदिर शिखर पर कलश स्थापना की गई थी। उसी तिथि को प्रतिवर्ष पाटोत्सव के रूप में मनाया जाता है। आयोजन के तहत सुबह 8 बजे से पाठ व पूजन प्रारंभ होगा। इसके पश्चात सुबह 9:30 बजे विशाल हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग एक हजार आहुतियां दी जाएंगी। दोपहर 12 बजे आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम में हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे।
<
