![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी में खरीफ सीजन से पहले कृषि केंद्रों की सघन जांच शुरू की गई है। इस दौरान उप संचालक कृषि और उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने जिलेभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस कार्रवाई में एक उर्वरक लाइसेंस रद्द किया गया और तीन केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान कुल 25 विक्रय केंद्रों की जांच की गई। विकासखंड मगरलोड के मेसर्स प्रवीण खाद भंडार कोलियारी में निर्धारित स्थान पर व्यवसाय नहीं करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने जैसी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। तीन केंद्रों पर विक्रय प्रतिबंध और नोटिस जारी इसके अलावा तीन अन्य केंद्रों पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन केंद्रों में स्टॉक में अंतर, आवश्यक सूचना का अभाव और मूल्य सूची प्रदर्शित न करने जैसी कमियां सामने आईं। नवागांव और नगरी क्षेत्र के कुछ केंद्रों में निर्धारित सीमा से अधिक उर्वरक भंडारण की अनियमितताएं भी पाई गईं। संबंधित संचालकों से जवाब प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की सख्त कार्रवाई और निर्देश जिला प्रशासन ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को नियमानुसार ही उर्वरकों का भंडारण और विक्रय करने का निर्देश दिया है। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे उर्वरक खरीदते समय पक्का बिल अवश्य लें, ताकि किसी भी अनियमितता की स्थिति में कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को उचित दर पर और सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए लगातार निरीक्षण और निगरानी जारी रहेगी।
<
