![]()
कोरबा में दीपका पुलिस ने निर्माणाधीन रेलवे लाइन से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का केबल और 5000 रुपए नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। नई रेल लाइन बिछा रही कंपनी के कर्मचारियों ने दीपका थाने में करीब 200 किलोग्राम केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना दीपका में संबंधित धाराओं (धारा 303(2), 3(5) बीएनएस) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने दबिश देकर 6 आरोपियों को पकड़ा पुलिस टीम ने जांच और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश देकर पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने निर्माणाधीन रेलवे लाइन से केबल चोरी की वारदात कबूल कर ली। बताया गया कि घटना रात के समय हुई, जब आरोपियों ने जमीन की खुदाई कर केबल चुराया। आसपास के लोगों को लगा कि वे कंपनी के कर्मचारी हैं। चोरी की शिकायत दर्ज होने और पुलिस की जांच शुरू होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हुआ। आरोपियों से चोरी से संबंधित केबल बरामद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी से संबंधित केबल बरामद किया गया। साथ ही, केबल बेचकर मिली 5000 रुपए की नकदी भी जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में शत्रुघ्न रोहिदास (35 वर्ष, पिता इंद्रलाल रोहिदास, निवासी कसाईपाली, दीपका), परदेसी रोहिदास (30 वर्ष, पिता रामलाल रोहिदास, निवासी कसाईपाली), बैसाखू रोहिदास (50 वर्ष, पिता परशुराम रोहिदास, निवासी कसाईपाली, दीपका), अनुज महिलांगे (26 वर्ष, पिता शोभाराम महिलांगे, निवासी गोबरघोरा), शनीराम अगरिया (45 वर्ष, पिता बहोरन सिंह अगरिया, निवासी कसाईपाली) और राकेश रोहिदास (18 वर्ष, पिता हीराराम रोहिदास, निवासी कसाईपाली, दीपका) शामिल हैं।
<
