![]()
कोरबा में सोमवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। एक ओर एसईसीएल मुड़ापार स्थित साप्ताहिक बाजार में तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं, वहीं दूसरी ओर बालको-कॉफी पॉइंट मुख्य मार्ग पर घर के पास झाड़ियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। पहली घटना SECL अस्पताल की बाउंड्री वॉल से लगे फुटपाथ पर संचालित साप्ताहिक बाजार में हुई। सोमवार रात बाजार खत्म होने के बाद करीब 10:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। कचरे तथा सूखे गन्ने के ढेर से शुरू हुई देखते ही देखते आग ने फुटपाथ पर स्थित तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग गन्ने की दुकान और होटल के पीछे फेंके गए कचरे तथा सूखे गन्ने के ढेर से शुरू हुई। सूखी लकड़ियों और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल की मदद से पाया गया नियंत्रण घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के दौरान बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। बालको मार्ग पर झाड़ियों में भी लगी आग दूसरी घटना बालको-कॉफी पॉइंट मुख्य मार्ग पर हुई। यहां सड़क किनारे घर से लगी झाड़ियों में आग लग गई। आग फैलते देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दो दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग किसी असामाजिक तत्व द्वारा लगाई गई हो सकती है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना यह आसपास के घरों तक फैल सकती थी।
<
