![]()
छत्तीसगढ़ के कोरबा में ट्रैफिक सिग्नल पर गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में एक ओला डिलीवरी बॉय की सरेआम पिटाई कर दी गई। एक महिला और उसके परिवार के सदस्यों ने मिलकर डिलीवरी बॉय को लात-घूसों से पीटा। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और उसके परिजन युवक को सड़क पर पीटते हुए दिख रहे हैं। यह मामला सिविल लाइन थाना के सुभाष चौक का है। पहले देखिए 3 तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, सुभाष चौक पर 24 अप्रैल की देर शाम सिग्नल के दौरान एक स्कॉर्पियो सवार परिवार और ओला स्कूटी से डिलीवरी कर रहे युवक के बीच गाड़ी हटाने को लेकर बहस हुई। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो में सवार महिला अपने परिजनों के साथ गाड़ी से उतरी और युवक को सड़क पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट होते देख एक राहगीर युवक ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि महिला के परिजनों ने उसे भी लात-घूसों से पीटा। इस अचानक हुई घटना से चौक पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार परिवार पथरीपारा बस्ती का निवासी है। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर विवाद शांत कराया। डिलीवरी बॉय ने सिविल लाइन थाने में की शिकायत घटना के बाद पीड़ित डिलीवरी बॉय ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा ने बताया कि डिलीवरी बॉय की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
<
