![]()
कोरबा में बुधवार दोपहर जिला एवं सत्र न्यायालय के सामने एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। इस हादसे में दो कारें और दर्जनों बाइक्स क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे न्यायालय में कामकाज चल रहा था। इसी दौरान परिसर के मुख्य गेट के पास खड़ा पुराना पीपल का पेड़ तेज आवाज के साथ भरभराकर गिर पड़ा। उस समय परिसर में बड़ी संख्या में वकील, पक्षकार और कर्मचारी मौजूद थे, जो पेड़ गिरते ही सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। महिला के सिर पर पेड़ की मोटी डाल गिरी, गंभीर घायल हादसे में न्यायालय के पास से गुजर रही 45 वर्षीय महिला सुनीता बाई के सिर पर पेड़ की मोटी डाल गिर गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और महिला को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त,15 से 20 बाइक्स भी चकनाचूर पेड़ गिरने से न्यायालय परिसर में खड़ी दो कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अतिरिक्त, स्टैंड में खड़ी लगभग 15 से 20 मोटरसाइकिलें भी पेड़ के नीचे दबकर चकनाचूर हो गईं। पुलिस और नागर निगम में रहत कार्य शुरू किया घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर राहत कार्य शुरू किया। नगर निगम की टीम ने क्रेन और गैस कटर की सहायता से गिरे हुए पेड़ को हटाने का काम शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा। नगर निगम से शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं स्थानीय वकीलों ने बताया कि यह पीपल का पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। उन्होंने कई बार नगर निगम से इसे हटाने की शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
<
