कार पेड़ से टकराई, एक श्रद्धालु की मौत, सात घायल:बछराज कुंवर धाम से झारखंड लौटते समय हुआ हादसा, दो की हालत गंभीर

![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना मानिकपुर जंगल के पास हुई, जब बाबा बछराज कुंवर धाम से लौट रही एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, झारखंड के गढ़वा जिले के ग्राम चिनिया निवासी श्रद्धालु अर्टिगा वाहन से बाबा बछराज कुंवर धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आए थे। दर्शन के बाद वापस लौटते समय शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मानिकपुर जंगल के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। झारखंड के 7 लोग घायल इस हादसे में जितन तुरी (55 वर्ष), निवासी ग्राम चिनिया, झारखंड की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में घायल होने वालों में राजेश तुरी (38 वर्ष), संदीप तुरी (20 वर्ष), जयप्रकाश यादव (32 वर्ष), विनोद तुरी (35 वर्ष), प्रभुनाथ (65 वर्ष), अनिल तुरी (31 वर्ष) और सुनी तुरी शामिल हैं। ये सभी झारखंड के ग्राम चिनिया के निवासी हैं। बताया गया है कि वाहन मालिक जयप्रकाश यादव स्वयं कार चला रहे थे और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। राजेश तुरी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विजय कुमार ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और गंभीर घायलों की स्थिति पर चिकित्सक लगातार निगरानी रख रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Source link




