![]()
दुर्ग और भिलाई में बुधवार शाम कांग्रेस ने बढ़े बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर और दुर्ग (शहर) अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के संयुक्त नेतृत्व में दुर्ग में प्रदर्शन हुआ। भिलाई में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत कार्यालय का घेराव कर भाजपा सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। राजीव भवन से निकली रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारे लगाते हुए पटेल चौक पहुंचे। इसके बाद रैली विद्युत कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान तोड़ा स्मार्ट मीटर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर अपने साथ एक स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे। उन्होंने विद्युत कार्यालय के सामने प्रतीकात्मक रूप से स्मार्ट मीटर को तोड़ा। ठाकुर ने इसे आम जनता पर थोपी जा रही व्यवस्था बताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राकेश ठाकुर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन के साथ प्रतीकात्मक रूप से चिमनी भेंट की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां प्रदेश को विकास की जगह अंधेरे की ओर ले जा रही हैं। यह भी उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राकेश ठाकुर विद्युत कार्यालय घेराव के दौरान लालटेन सौंपकर चर्चा में आ चुके हैं। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटेल चौक सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जनता बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर से परेशान है, जबकि सरकार राहत देने के बजाय आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली बिलों में कथित अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई और उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली, तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और व्यापक बनाया जाएगा। राकेश ठाकुर बोले- जनता की जेब पर डाका डालने की कोशिश जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को भूल चुकी है। आज बिजली बिल हर घर की चिंता बन गया है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डालने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में लोगों को बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलता था, जिसे आज भी उपभोक्ता याद कर रहे हैं। धीरज बाकलीवाल ने सरकार पर साधा निशाना दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को भी कमाई का जरिया बना चुकी है। स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के नाम पर जनता को परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस इस जनविरोधी नीति का पुरजोर विरोध करती है और जब तक सरकार राहत नहीं देती, आंदोलन लगातार जारी रहेगा। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा, कथित गलत एवं अनियमित बिलों को निरस्त करने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक अरुण वोरा, दीपक दुबे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
<
