भास्कर न्यूज | नारायणपुर छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जय स्तंभ चौक पर रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को आम जनता के लिए भारी बोझ बताया। कांग्रेसियों ने तत्काल बढ़े हुए दाम वापस लेने की मांग भी की है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हर चुनाव के बाद केंद्र की भाजपा सरकार गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर देती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बंगाल चुनाव की वोटिंग खत्म होने के 24 घंटे के भीतर ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में लगभग 1000 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई। वहीं छोटे व्यापारियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले छोटे गैस सिलेंडरों की कीमत में भी 261 रुपए की वृद्धि की है, जिससे ठेला-व्यापारियों और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय कारणों का हवाला देकर महंगाई को उचित ठहराना गलत है, क्योंकि अन्य देशों में स्थिति नियंत्रण में है। विपक्ष ने भारत में रुपए की गिरती स्थिति, कमजोर होती मैन्युफैक्चरिंग और बढ़ते ऊर्जा संकट को लेकर भी चिंता जताई। प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, शहर प्रभारी रवि देवांगन, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला, महासचिव शेख तौहीद अहमद सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
<
