बरौल | बरौल क्षेत्र में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की मौजूदगी में 50 भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने के दावे के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा मंडल भटगांव अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कांग्रेस के इस दावे को भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने ही समर्थकों को भाजपा कार्यकर्ता बताकर गलत प्रचार कर रही है। रमेश गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों के कांग्रेस में शामिल होने की खबरें सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों में चल रही हैं, वे कभी भाजपा के सक्रिय सदस्य या पदाधिकारी नहीं रहे। ये सभी पहले से ही कांग्रेस समर्थित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा का कोई भी समर्पित कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल नहीं हुआ है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कांग्रेस पर राजनीतिक माहौल बनाने और झूठी वाहवाही लूटने का आरोप लगाया।
<
