![]()
कांकेर जिले में रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर भारतमाला मार्ग पर शनिवार रात गांजा तस्करों की एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे के बाद कार में सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को मुखबिर से तस्करी की सूचना पहले ही मिल गई थी, जिसके बाद नरहरपुर पुलिस की टीम कार का पीछा कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना दुधावा पुलिस चौकी, नरहरपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने तस्करों की क्रेटा कार से करीब 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपए बताई जा रही है। कार से दो अलग-अलग राज्यों के नंबर प्लेट भी मिले हैं, जिससे बड़े तस्करी नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
<
