कांकेर में टाटा सफारी-बाइक की भिड़ंत, एक युवक की मौत:नेशनल हाईवे-30 पर हुआ हादसा, दो गंभीर घायल, चारामा अस्पताल में भर्ती

![]()
कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम बाबूकोहका के पास शनिवार दोपहर करीब 2 बजे टाटा सफारी और पल्सर बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पल्सर बाइक पर बिकेश जुर्री, कौशल दर्रो और लक्की मंडावी सवार थे। ये तीनों युवक ग्राम खैरखेड़ा के निवासी और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। टक्कर में बिकेश जुर्री (28) की जान चली गई। वहीं, कौशल दर्रो और लक्की को गंभीर चोटें आई हैं। घायल चारामा अस्पताल में भर्ती हादसे के तुरंत बाद, घायलों को संजीवनी वाहन की सहायता से चारामा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर किया जा सकता है। घटना की सूचना मिलने पर मृतकों और घायलों के परिजन भी चारामा अस्पताल पहुंच रहे हैं। टाटा सफारी वाहन के चालक को भी इस दुर्घटना में मामूली चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link




