![]()
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में इंसान और जानवर के बीच अनोखे लगाव की एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। पखांजूर के पीवी 80 हरिदासपुर निवासी सूजन बनिक और उनके पालतू कबूतर ‘टोटो’ की दोस्ती इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सूजन और टोटो के बीच इतना गहरा लगाव है कि दोनों एक-दूसरे के बिना नहीं रहते। सूजन जहां भी जाते हैं, टोटो उनके साथ उड़ता हुआ पहुंच जाता है। जब सूजन बाइक से बाजार या घूमने निकलते हैं, तब भी यह कबूतर उनके साथ उड़ान भरता है। थकने पर वह सूजन के कंधे या हाथ पर आकर बैठ जाता है। बचपन से पाला, बन गया परिवार का हिस्सा सूजन बनिक ने बताया कि उन्होंने टोटो को बचपन से पाला है। नियमित रूप से भोजन और पानी देने के दौरान दोनों के बीच खास रिश्ता बन गया। अब हालात ऐसे हैं कि टोटो घर के अन्य लोगों या दूसरे कबूतरों के साथ ज्यादा समय नहीं बिताता, बल्कि हमेशा सूजन के आसपास ही रहता है। सूजन ने बताया कि जैसे ही वे अपने कबूतर को ‘टोटो’ नाम से आवाज लगाते हैं, वह तुरंत उड़कर उनके पास आ जाता है। इलाके के लोग भी इस अनोखी दोस्ती को देखकर हैरान हैं। लोगों के बीच बना आकर्षण का केंद्र पखांजूर क्षेत्र में सूजन और टोटो की दोस्ती लोगों के बीच कौतूहल और आकर्षण का विषय बनी हुई है। आसपास के लोग अक्सर इस कबूतर को सूजन के साथ देखकर रुक जाते हैं और उसके व्यवहार को देखकर हैरानी जताते हैं।
<
