![]()
रायगढ़ में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने पंचधारी बांध को हाई रिस्क जोन घोषित किया है। इसके बावजूद युवक यहां नहाने और शराब सेवन करने पहुंच रहे हैं। मंगलवार रात पुलिस ने डैम में नहाते और शराब पीते 5 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने 11 मई को बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर पंचधारी एनीकट और आसपास के क्षेत्र में नहाने, तैराकी, पिकनिक, सेल्फी, रील बनाने और वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कोतवाली पुलिस को इलाके में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। डैम में नहाते मिले तीन युवक मंगलवार शाम पुलिस पेट्रोलिंग को सूचना मिली कि कुछ युवक पंचधारी डैम में नहा रहे हैं और नशा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यहां दीपक कुमार यादव (24), संतोष कुमार यादव (25) और उमाशंकर साहू (21) निवासी सोनूमुड़ा बजरंग पारा डैम में नहाते मिले। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपी युवक पुलिस और गवाहों से बहस करने लगे। देख लेने की धमकी देने लगे। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। शराब पीते पकड़े गए दो युवक इसी दौरान डैम के पास शराब सेवन करते हुए धनंजय साहू (25) निवासी जेठा थाना बाराद्वारा और संजु कंवर (31) निवासी रामभांठा को भी पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही शांति भंग की आशंका पर धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 और 135(3) बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजा गया। SSP ने लोगों से की अपील एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पंचधारी एनीकट में लगातार हादसे हो रहे हैं, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। प्रतिबंधित क्षेत्र में जाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और डैम क्षेत्र में नहीं जाने की अपील की है।
<
