![]()
राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव ने सोमवार को पटवारी प्रशिक्षण केंद्र में सरपंचों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पंचायतों को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की मजबूत कड़ी बताया। कलेक्टर ने सरपंचों को मूलभूत सुविधाओं जैसे नाली निर्माण, पेयजल और स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने आय बढ़ाने के लिए व्यावसायिक परिसर और सामुदायिक भवनों के निर्माण का सुझाव दिया, जिससे नियमित किराया प्राप्त हो सके। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत गांवों को सोलर विलेज के रूप में विकसित करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए गर्मी में धान के बजाय कम पानी वाली दलहन-तिलहन फसलों को बढ़ावा देने को कहा गया। इन फसलों की खरीदी ‘पीएम आशा योजना’ के तहत समर्थन मूल्य पर की जा रही है। टसर परिवर्तन केंद्र का भी निरीक्षण इसके अलावा कलेक्टर जितेंद्र यादव ने ग्राम गठुला में स्थित 10 हेक्टेयर में फैले ‘टसर परिवर्तन केंद्र’ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रेशम उत्पादन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तत्काल तार फेंसिंग का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। यह केंद्र दुर्ग संभाग का एकमात्र ‘ककून बैंक’ संचालित करता है, जहां वैज्ञानिक तरीके से कोसा का संग्रहण और ग्रेडिंग की जाती है। यह कृषि महाविद्यालयों के छात्रों के लिए शोध और प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र भी बन गया है। कलेक्टर ने कहा कि रेशम उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का एक बेहतरीन जरिया है। उन्होंने अधिकारियों को समूहों को तकनीकी मार्गदर्शन और संसाधन समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरूचि सिंह ने ‘मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना’ के तहत राजनांदगांव विकासखंड के कई गांवों के लिए 15 लाख 60 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत कार्यों का विवरण ग्राम काकेतरा: सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपए स्वीकृत। ग्राम तिलई: सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपए स्वीकृत। ग्राम बासुला: सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपए स्वीकृत। निर्माण कार्यों को लेकर निर्देश सीईओ ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
<
