भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कबीरधाम जिले के पंडरिया स्थित लोखान और बैगा बाहुल्य ग्राम कमराखोल का औचक दौरा किया। …और पढ़ें

HighLights
- पीएम जनमन योजना के कार्यों का निरीक्षण किया
- बच्चे को गोद में लिया और उसका नामकरण किया
- सीएम ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में भी चौपाल लगाई
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कबीरधाम जिले के पंडरिया स्थित लोखान और बैगा बाहुल्य ग्राम कमराखोल का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीएम जनमन योजना के कार्यों का निरीक्षण किया और आम के पेड़ों की छांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के साथ बैठकर छत्तीसगढ़िया खान-पान बोरे-बासी और अंगाकर रोटी का स्वाद लिया। चौपाल के दौरान एक भावुक क्षण तब आया जब ग्रामीण महिला ऋषि बघेल अपने दुधमुंहे बच्चे को लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचीं और नामकरण का आग्रह किया।
बच्चे को गोद में लिया और उसका नाम रखा रविशंकर बघेल
मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बच्चे को गोद में लिया और उसका नाम रविशंकर बघेल रखा। उन्होंने बच्चे को आशीर्वाद स्वरूप 500 रुपये दिए, जबकि पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने भी अपनी ओर से स्नेह राशि भेंट की। ग्राम लोखान में मोहन मरावी के निमंत्रण पर मुख्यमंत्री ने उनके नवनिर्मित पीएम आवास में विधिवत गृह प्रवेश कराया।
पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मोहन की मेहनत की सराहना की, जिन्होंने स्वयं ईंटें बनाकर चार कमरों का मकान तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब शासन की योजनाएं जनभागीदारी से जुड़ती हैं तभी वास्तविक विकास दिखता है।
मेधावी छात्र को पेन किया भेंट
मुख्यमंत्री ने लोखान पंचायत की 58 लखपति दीदियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान महुआ और चार उपहार में देने वाली लखपति दीदी कचरा तेलगाम और सब्जी विक्रेता शिवरानी पटेल की सफलता की कहानियों ने मुख्यमंत्री को प्रभावित किया। साय ने मेधावी छात्र राजेंद्र मसराम को पेन भेंट कर उसके आइएएस बनने के सपने को प्रोत्साहित किया।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में भी चौपाल
ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें कमराखोल में मिशन तालाब गहरीकरण (ट्यूबवेल सहित), ग्राम देवसरा तक लगभग छह किमी मिट्टी-मुरुम सड़क का निर्माण, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम शेड और विशेष रूप से महिलाओं के लिए महतारी सदन का निर्माण शामिल है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के जंगलों में काले हिरणों की वापसी, बार नवापारा में संख्या 200 के पार, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में सराहा
मुख्यमंत्री ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सरोधी में भी चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार, विशेष सचिव रजत बंसल और कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
<
