![]()
बिलासपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 29 तारबाहर में उपचुनाव से पहले मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इसमें बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जारी वोटर लिस्ट से 201 मतदाताओं के नाम गायब हैं, जिस पर कांग्रेस ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और इसे बीजेपी का षडयंत्र बताया है। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से शिकायत कर काटे गए नामों को जोड़ने की मांग की है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने बताया कि एसआईआर के बाद प्रकाशित भाग संख्या 201 और 203, जिन्हें अब नगर निगम नामावली में भाग संख्या 6 और 8 के रूप में शामिल किया गया है। उनमें से 201 मतदाताओं के नाम त्रुटिपूर्वक विलोपित कर दिए गए हैं। पहली नजर में यह मामला बीएलओ की लापरवाही लगता है। इसी कारण इन मतदाताओं के नाम गलत तरीके से वार्ड नंबर 28 में डाल दिए गए हैं, जबकि वे सभी वार्ड 29 के ही रहने वाले हैं। बीएलओ ने किया था सत्यापन, प्रमाण के साथ की शिकायत सिद्धांशु मिश्रा ने बताया कि 22 अप्रैल को हल्का पटवारी, बीएलओ और अन्य अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन भी कर चुके हैं, जिसमें स्पष्ट हुआ कि सभी 201 मतदाता वार्ड 29 के ही निवासी हैं। इसके अलावा 17 अप्रैल को दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के तहत विधिवत आपत्ति भी दर्ज कराई जा चुकी है। पार्षद चुनाव में जीत-हार तय करने के लिए किया गया षडयंत्र उन्होंने कहा कि वार्ड चुनाव में जीत-हार का अंतर बेहद कम वोटों से होता है, ऐसे में 201 मतदाताओं के नाम हटाकर अन्य वार्ड में जोड़ना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने इस सत्ताधारी दल भाजपा का षडयंत्र बताया है। उनके नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की। साथ ही काटे गए मतदाताओं के नाम नहीं जोड़ने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान भरत कश्यप, शिबली मिराज, संतोष गर्ग, मोहम्मद आजम, तरुण यादव, विक्की यादव, सुजल खरे, नरेंद्र टंडन, जयपाल निर्मलकर, दीपक कौशिक, तस्लीम खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
<
