![]()
उत्तर छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान लगातार 42 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम साफ होने के बाद राजस्थान से आ रही गर्म लू के थपेड़ों के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में मई के दूसरे पखवाड़े में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस वर्ष मई के पहले पखवाड़े में बादलों ने राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं को रोक दिया था। मौसम साफ होने के साथ ही अब गर्मी झुलसाने लगी है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़ोत्तरी हुई है। तेज गर्मी के कारण दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24 डिग्री पहुंच गया है। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। पांच दिनों तक हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि 21 व 22 मई को सूर्य कर्क रेखा में आ जाता है। इसके कारण सूर्य की रौशनी सीधे पड़ रही हैं। मौसम के साथ रहने के कारण राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं तेजी से प्रवेश कर रही हैं। पांच आगामी पांच दिनों में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है। लगातार बढ़ रही गर्मी एवं लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोग भीषण गर्मी के कारण लू की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं। सीएमएचओ डा.पीएस मार्को ने लोगों को लू से बचने की अपील की है। लू से बचने के लिए सिर ढंककर ही बाहर निकलने एवं पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
<
