भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला मुख्यालय का सबसे बड़ा अस्पताल खुद ही बीमार होता जा रहा है। मंगलवार की दोपहर जिला अस्पताल की ओपीडी खत्म होते ही डॉक्टर गायब हो गए। इमरजेंसी वार्ड में सन्नाटा पसरा रहा और करीब 3 घंटे तक कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर तैनात नहीं मिला। शारदा चौक और ग्राम सरखों से आए मरीज और उनके परिजन नर्सिंग स्टाफ से मिन्नतें करते रहे, लेकिन उन्हें यह बताने वाला भी कोई नहीं था कि आखिर डॉक्टर साहब हैं कहां। भीषण गर्मी में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में तत्काल इलाज की जरूरत होती है, लेकिन जिला अस्पताल की हालत ये थे कि मंगलवार को दोपहर में पहुंचे मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ा।
<
