भास्कर न्यूज | राजनांदगांव श्री खाटू श्याम लखदातार सेवा परिवार द्वारा 25 मई से 29 मई तक श्याम भक्ति का अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय धार्मिक व भक्ति कार्यक्रम श्री खाटू धाम गायत्री विद्या पीठ परिसर केसर नगर में आयोजित होगा। महोत्सव का मुख्य संदेश करने वाले श्याम, कराने वाले श्याम रखा गया है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन भव्य श्याम संकीर्तन, भजन संध्या व बाबा श्याम की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। आयोजन समिति ने बताया कि पुरुषोत्तम एकादशी पर 27 मई को विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा इसमें खाटू श्यामजी निज मंदिर सेवक परिवार से पधार रहे प्रसिद्ध कथावाचक व पुजारी महाराज मानवेंद्र सिंह चौहान कान्हा भैया उपस्थित होंगे। इसके साथ ही राजस्थान से प्रसिद्ध भजन गायक योगेश शर्मा खाटू वाले तथा श्रीधाम वृंदावन से ब्रज रसिक पारस लाड़ला भजनों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन के दौरान भक्तों के लिए विशेष प्रसाद व सेवा व्यवस्था भी की जाएगी। अंत में समिति ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्याम भक्तों की आस्था, प्रेम और भक्ति का संगम है, जहां हर भक्त बाबा श्याम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेगा।
<
