![]()
भास्कर न्यूज | राजनांदगांव राजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाना क्षेत्र में संचालित सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार शिकारीपारा क्षेत्र में मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाया जा रहा था। सूचना मिलने पर बसंतपुर थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी श्याम यादव (30) को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 2500 रुपए नकद जब्त किए गए। जांच के दौरान मोबाइल डेटा के विश्लेषण में करीब 2 करोड़ रुपए के लेन-देन का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि हर गेंद और ओवर पर लाखों रुपए का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में मुख्य आरोपी राकेश कुमार उमरे फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
<
