![]()
धमतरी में भीषण गर्मी के बीच शहर में राहत देने की एक अनोखी पहल सामने आई है। रिसाई पारा क्षेत्र में स्थानीय निवासियों ने सड़क पर फुहारे लगाकर लोगों को गर्मी से राहत देने का प्रयास किया है। 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान में यह व्यवस्था राहगीरों के लिए सुकून भरी साबित हो रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर दो स्थानों पर फुहारों की व्यवस्था की है। तेज धूप में यहां से गुजरने वाले लोग फुहारों की ठंडी बूंदों का आनंद ले रहे हैं और कुछ देर रुककर राहत महसूस कर रहे हैं। फुहारों के साथ-साथ यहां ठंडे पानी की भी व्यवस्था की गई है, ताकि राहगीरों को अतिरिक्त राहत मिल सके। स्थानीय लोगों की पहल स्थानीय निवासी पवन लिखी और राजू भाई ने बताया कि रिसाई पारा में हर साल गर्मी के मौसम में ठंडे पानी की व्यवस्था की जाती है। इस बार बढ़ती गर्मी को देखते हुए फुहारे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बड़े शहरों के रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिलती है, इसलिए नगर निगम को भी इसे शहर के अन्य हिस्सों में लागू करना चाहिए। लोगों को मिल रही राहत फुहारों के पास दुकान संचालित करने वाले प्रहलाद जासूजा ने बताया कि इस व्यवस्था से दोपहर में भी तापमान कम महसूस होता है। शाम के समय यहां हल्की धुंध जैसा माहौल बन जाता है, जिससे लोग रुककर ठंडक का आनंद लेते हैं। पूरे शहर में मांग इस पहल को राहगीरों और स्थानीय लोगों ने काफी सराहा है। लोगों का कहना है कि ऐसे फुहारे शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाए जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
<
