भास्कर न्यूज | नारायणपुर नगर सेनानी अधिकारी मनोहर लाल चौहान का पालतू तोता उड़कर साल के पेड़ पर बैठ गया, उसे पकड़ने के लिए फायर ब्रिगेड वाहन से हजारों लीटर पानी की बौछार किया गया। लेकिन मामले ने जब तूल पकड़ा तो नगर सेनानी मनोहर लाल चौहान ने तोता को अपना मानने से ही इनकार कर दिया और पास के स्कूल में डैमो देने की बात कही। जबकि स्कूल प्रबंधन ने कहा कि इन दिनों छुट्टियां चल रही है और इसकी उन्हें कोई सूचना भी नहीं दी गई थी। दरअसल, यह घटना नारायणपुर जिले के ओबीसी बॉयज हॉस्टल के पास एक ऊंचे साल के पेड़ पर बैठे तोते को पकड़ने के लिए दमकल वाहन लेकर कर्मचारी पहुंचे और पेड़ पर बौछार करने लगे। नारायणपुर नगर सेनानी अधिकारी मनोहर लाल चौहान ने बताया कि दमकल वाहन से पेड़ पर पानी की बौछार प्रेशर चेक करने और स्कूल में डैमों देने के लिए किया गया था। स्कूल के प्राचार्य मनीष राजपूत ने बताया कि स्कूल में फायर ब्रिगेड के द्वारा किसी प्रकार के डैमो देने की सूचना हमें पहले से नहीं दी गई थी। तोता पकड़ने हजारों लीटर पानी बहाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को प्रशासनिक लापरवाही और संसाधनों के दुरुपयोग बता संबंधित अफसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। कांग्रेसी पार्षद जय वट्टी ने बयान जारी कर स्पष्ट कहा है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करेगी। युवा कांग्रेस ने भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
<
