![]()
अंबिकापुर शहर में अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग और निगम के सड़कों की बदहाली के विरोध में कांग्रेस ने संगम चौक में चक्काजाम करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने लोगों को मैलोडी चाकलेट भी बांटी। कांग्रेस का प्रदर्शन शाम चार बजे से लेकर करीब दो घंटे तक चला। मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारी ने व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। नेशनल हाईवे के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। कांग्रेस ने नेशनल हाईवे कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में नेशनल हाईवे सहित पीडब्लूडी और निगम की सड़कें बदहाल हो गई हैं। सड़कों में गड्ढों के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। देवीगंज रोड, स्कूल रोड सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों में गड्ढों के कारण परेशानी हो रही है। पूरे निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी चौपट हो गई है। इसके विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को संगम चौक पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। लोगों को बांटी मैलोडी, कहा समस्याओं को भूल जाओ
संगम चौक पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने रोड हमारा बन नहीं पा रहा है, कहो मंजूषा मजा आ रहा है, जैसे स्लोगन के बोर्ड लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने चक्काजाम स्थल पर पहुँचने वाले नागरिकों को मैलोडी चॉकलेट बांटा और ट्रिपल इंजन की सरकार में समस्याओं को भूल जाने और तकलीफों के साथ जीने का संदेश दिया। धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने नागरिकों को होने वाली असुविधा के लिए माफी मांगी और कहा कि नागरिक हित के लिए मजबूरन यह प्रयास करना पड़ रहा है। आवश्यकता होने पर कांग्रेस और बड़े आंदोलन के लिए तैयार है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने सभा स्थल पर मौजूद अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने शहर की सड़कों के लिए 20 करोड़ रुपए दिये थे वे कहाँ हैं। चक्काजाम स्थल विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि आप लोगों की कमीशनखोरी और विद्युत लाईन में घटिया किस्म के उपकरणों के उपयोग के कारण शहर में विद्युत आपूर्ति की हालत दयनीय हुई है। नेशनल हाईवे कार्यालय के घेराव की चेतावनी
चक्काजाम स्थल पर एनएच के अधिकारियों के नहीं आने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने एनएच कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी। उन्होंने साथ ही महामाया चौक से गुरुद्वारा तक गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने के लिए भी कहा है। विद्युत विभाग के जेई ने मौके पर कहा कि लोड ज्यादा होने के कारण बिजली व्यवस्था में दिक्कत आ रही है। चार नए सब स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिसके लिए जमीन मिल जाने के बाद जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मौके पर अंबिकापुर तहसीलदार सहित नगर निगम के अधिकारी भी पहुंचे थे। कांग्रेस ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और चक्काजाम समाप्त किया। चक्काजाम प्रदर्शन में पूर्व महापौर डा. अजय तिर्की, अजय अग्रवाल, जेपी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा सहित सहित कांग्रेस पार्षद एवं पूर्व पार्षद एवं पदाधिकारी-कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
<
