भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले की पुलिस ने देश के कई राज्यों में सक्रिय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी गौरव राय के निर्देशन में की गई कार्रवाई में राजस्थान से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दंतेवाड़ा लाया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप के जरिए सैकड़ों बैंक खातों की खरीदी-बिक्री करता था और इन्हीं खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देता था। साइबर सेल नोडल अधिकारी डीएसपी ठाकुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर राजस्थान भेजी गई थी। जांच के दौरान अर्चित गुजराती (20), आदिल हुसैन (24), अमित वर्मा (21) और भूपेंद्र जांगिड़ (23) को नागौर और जयपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की गतिविधियां मुख्य रूप से राजस्थान के नागौर क्षेत्र से संचालित हो रही थी, जहां से वे देशभर में साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी बैंक खातों की अवैध थोक खरीदी-बिक्री में शामिल थे और ठगी की रकम को इन खातों में जमा कर हाई ट्रांजेक्शन अप्रूव्ड डेबिट कार्ड के जरिए विदेशों के एटीएम से नकद निकासी करते थे। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद। {साइबर ठगी से प्राप्त 1,18,500 रुपए नगद जब्त। {वित्तीय लेन-देन के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पुलिस ने कब्जे में लिए। थाना गीदम और बचेली में दर्ज साइबर धोखाधड़ी मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने आधुनिक साइबर फॉरेंसिक तकनीकों और वित्तीय विश्लेषण का सहारा लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय नंबरों से व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों को झांसे में लेते थे और ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े सदस्यों की तलाश जारी है।
<
