![]()
राजनांदगांव पुलिस ने जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं और अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में 7 विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न कबाड़ यार्डों पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान चोरी की आशंका वाले लोहे के पार्ट्स, गाड़ियों के इंजन और सरकारी सिलेंडर सहित कुल 32 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया। चिखली चौकी क्षेत्र में खैरागढ़ रोड स्थित सफीक खान उर्फ बैगा के यार्ड (संचालक शेख शहबाज) से एक मिनी ट्रक सहित 17,210 किलोग्राम लोहा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 11 लाख रुपए है। एलपीजी गैस गोदाम के पास मोहम्मद इमरान खान के यार्ड से 27 नंबर प्लेट, 14 इंजन और 120 व्हील चक्के बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए है। ट्रक से 15 लाख रुपए का लोहा और गाड़ी पार्ट्स जब्त सोमनी थाना क्षेत्र के जोरातराई स्थित अल्ताफ हुसैन के यार्ड से एक ट्रक (MH 40 Y 0585) के भीतर भरा 15 लाख रुपए का लोहा, गाड़ियों के पार्ट्स और नंबर प्लेट जब्त किए गए। कोतवाली थाना क्षेत्र में लखोली स्थित मोहम्मद अनीश के ठिकाने से 1 लाख रुपए का सामान, कैलाश नगर स्थित मुस्ताक बिबा के यार्ड से एल्युमिनियम पाइप व इंजन, कंचन बाग में मोहम्मद सलीम के पास से 75 हजार का स्क्रैप और ममता नगर स्थित रफीक कबाड़ी के यहां से घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद हुए। इस बड़ी कार्रवाई के लिए गठित टीमों का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक वैषाली जैन (IPS), डोंगरगांव एसडीओपी मंजुलता बाज और प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार ने किया। कोतवाली प्रभारी मिलन सिंह, लालबाग प्रभारी रमेश पटेल, सोमनी प्रभारी और चिखली चौकी स्टाफ ने भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार और चोरी का सामान खरीदने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान कई वाहनों के इंजन और नंबर प्लेट मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि ये सामान चोरी के वाहनों से उतारे गए हो सकते हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
<
