राजनीति

यूथ कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग पर अजय चंद्राकर ने मांगी CBI जांच, विकास उपाध्याय ने कहा- राजनीतिक कुंठा

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने यूथ कांग्रेस चुनाव में कथित फर्जी वोटिंग और सदस्यता शुल्क को लेकर CBI जांच की मांग की है। वहीं कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए चंद्राकर के बयान को उनकी राजनीतिक कुंठा बताया है।

अजय चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने यूथ कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग की शिकायतों के बारे में पढ़ा है। उन्होंने सदस्यता शुल्क को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो नेता पैसा दे रहे हैं, वह पैसा कहां से आ रहा है, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस चुनाव में गुटबाजी भी सामने आ रही है।

चंद्राकर ने कांग्रेस नेता अमरजीत भगत के उस कथित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि उनके बेटे का फॉर्म रद्द हो गया। चंद्राकर ने कांग्रेस के संगठनात्मक सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी का सिस्टम लोकतंत्र को प्रभावित कर रहा है।

उन्होंने इसे रोकने और चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए CBI जांच की मांग की। साथ ही सवाल किया कि क्या इस मामले पर राहुल गांधी कुछ बोलेंगे?

अजय चंद्राकर के बयान पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चंद्राकर कुंठित मानसिकता से बयानबाजी कर रहे हैं। विकास उपाध्याय ने कहा कि इस मामले में SIT जांच और कार्रवाई की रिपोर्ट सामने आ चुकी है।

विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि अजय चंद्राकर ऐसे बयान देकर शायद अपने ही संगठन में अपनी राजनीतिक उपयोगिता साबित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चंद्राकर को मंत्री पद मिलने वाला नहीं है, इसलिए वे इस तरह के बयान देकर अपनी कुंठा निकाल रहे हैं।

यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर फर्जी वोटिंग और हैकिंग के आरोप सामने आए थे। चुनाव प्रक्रिया में OTP के जरिए कथित फर्जी वोटिंग और सदस्यता को लेकर नेताओं ने सवाल उठाए थे। इसी विवाद के बीच अब अजय चंद्राकर ने CBI जांच की मांग की है।

इससे जुड़ी एक अन्य खबर के अनुसार, छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव में फर्जी वोटिंग और ID हैकिंग के आरोप सामने आए हैं। कई प्रत्याशियों और समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत की है।

दैनिक भास्कर की पड़ताल में ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और तकनीकी तरीके की जानकारी सामने आई है, जिनके जरिए वर्चुअल मोबाइल नंबर लेकर OTP हासिल किया जा सकता है। पड़ताल के अनुसार, वर्चुअल नंबर लेकर 8 रुपए में OTP जनरेट किया जा सकता है और 15 मिनट में 200 वोट बढ़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button