![]()
.
शहर के युवा खिलाड़ी अश्विनी सिंह ने तीसरे छत्तीसगढ़ स्टेट क्वान की डो चैंपियनशिप 2025 के सीनियर अंडर 63 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अश्विनी डीसी रोड, अंबिकापुर निवासी रणधीर सिंह, मधु सिंह के बेटे हैं।
चैंपियनशिप 29 और 30 नवंबर को अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में आयोजित थी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से लगभग 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 63 किलोग्राम वर्ग में कुल पांच प्रतिभागियों से मुकाबला करते हुए अश्विनी ने हर शानदार तकनीक और बेहतरीन संतुलन का प्रदर्शन किया और चैंपियन बने। प्रतियोगिता का आयोजन क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने किया था। 19 साल के अश्विनी पिछले 7 वर्षों से लगातार ताइक्वांडो और मार्शल आर्ट्स का अभ्यास कर रहे हैं। खेल के प्रति लगन और अनुशासन ने उन्हें हर स्तर पर मजबूती दी है। उन्होंने अपनी शुरुआती ट्रेनिंग शिक्षक राधेश्याम से निशुल्क ली थी। अश्विनी में शुरुआत से ही खेल के प्रति जबरदस्त जुनून था। कठिन अभ्यास, नियमित ट्रेनिंग और जीत की जिद ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। अश्विनी ने 2023 में नेपाल के पोखरा में आयोजित यूथ गेम इंटरनेशनल सीरीज में सिल्वर मेडल जीता था। 2022 में दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम में आयोजित नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल किया था। 2024 में गोवा के मापुसा में नेशनल प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी क्षमता का एक और प्रमाण दिया। स्कूली दिनों में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर लगातार अपनी रैंकिंग और अनुभव दोनों को मजबूत किया। अश्विनी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड जीतकर भारत का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखते हैं।
<
