![]()
.
छत्तीसगढ़ रतनपुरिहा कन्नौजिया यादव समाज के तत्वावधान में नगर पंचायत के निर्वाचित स्वजातीय जनप्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन यादव भवन में किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त तहसीलदार जवाहर लाल यादव ने की। मुख्य अतिथि समाज के प्रांताध्यक्ष संदीप यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में महासभा के पूर्व सचिव नारायण यादव उपस्थित थे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शाल भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि संदीप यादव ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि समाज की रीढ़ होते हैं। उनके सम्मान से समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी को समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और एकजुटता पर बल दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में जवाहर लाल यादव ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षा, संगठन और एकता से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। इस अवसर पर नगर पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता और समाजहित में निरंतर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को सम्मानित कर उन्हें समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
<
