जांजगीर-चांपा जिले के चांपा बस स्टैंड के पास 10 दिसंबर की शाम चार अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला से मारपीट की। उन्होंने महिला के गले और कान से सोने-चांदी के जेवर लूटे और मौके से भाग गए।
.
यह घटना शाम करीब 6 बजे हुई। उस समय परमेश्वरी देवांगन नामक महिला घर में अकेली थीं। वह खाना बनाने के साथ ही एक रिश्तेदार के घर छठी कार्यक्रम में जाने की तैयारी कर रही थीं। तभी चेहरे पर गमछा बांधे 4 युवक घर में घुस आए और गहनों की मांग करने लगे।
महिला ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद आरोपी उनके कान और गले से जेवर निकालकर मौके से फरार हो गए। घायल महिला का इलाज जारी है।

रॉड से हुए हमले में महिला घायल हुई है।
सीसीटीवी में दिखे आरोपी
घटना के बाद महिला ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, जिनसे कुछ संदिग्धों की पहचान के सुराग मिले हैं। घटनास्थल के पास से एक आरोपी की चप्पल भी बरामद हुई है, जिसे सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।

सीसीटीवी के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
चांपा पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
<
