रात के समय ठंड की वजह से सड़के भी सूनी होने लगी है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार को न्यूनतम तापमान 12.4°C और अधिकतम तापमान 26.6°C दर्ज किया गया, जो शनिवार की तुलना में 1 डिग्री अधिक है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद लोगों को ठंड से खास राहत नहीं मिली।
.
सुबह से आसमान साफ रहा और धूप भी निकली, लेकिन दिनभर हल्की ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे दोपहर में भी ठंड का एहसास होता रहा। शाम होते-होते हालात और ठंडे हो गए, जिसके चलते लोगों को गरम कपड़े, विशेषकर कान ढंकने के लिए गर्म टोपी/मफलर, का सहारा लेना पड़ा।
डॉक्टरों ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति पूरे सप्ताह बनी रहने की संभावना है।

रात के समय ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते हुए।
डॉक्टर दे रहे सावधानी बरतने की सलाह
शासकीय आयुर्वेद अस्पताल के डॉ. नीरज मिश्रा ने बताया कि कड़ाके की सर्दी बढ़ने के साथ सर्दी–जुकाम के मरीजों की संख्या में वृद्धि हो जाती है। तेज ठंड का असर विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक पड़ता है, इसलिए उन्हें ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
उन्होंने सलाह दी कि स्कूल जाने वाले बच्चे गरम कपड़े पहनकर जाएं और विशेष रूप से कानों को अच्छी तरह ढंककर निकलें। वहीं बाइक चालकों को नाक, मुंह पर मास्क और कानों पर गर्म कपड़े का उपयोग करना चाहिए। इससे ठंडी हवा के सीधे संपर्क से बचाव होगा और बीमार होने का खतरा कम होगा

सप्ताह भर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री का उतार-चढ़ाव होने का अनुमान है।
सप्ताह भर तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार सोमवार और मंगलवार को रायगढ़ जिले में न्यूनतम तापमान 12°C और अधिकतम तापमान 27°C रहने का अनुमान है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद गुरुवार से फिर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।
<
