![]()
बिलासपुर में कलेक्टर जनदर्शन में मटियारी निवासी किसान रामकिशुन सूर्यवंशी ने बताया कि, उन्होंने 8 साल पहले अपनी कृषि भूमि में ट्रांसफार्मर और बिजली खंभा लगाने के लिए राशि जमा की थी। इसके बावजूद अब तक उनके खेत तक बिजली का खंभा नहीं लगाया गया है। किसान ने शिकायत में कहा कि, इस देरी के कारण उनके कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यह मामला बिजली विभाग की लापरवाही को उजागर करता है। पीएम आवास, छात्रवृत्ति समेत कई समस्याएं आईं कलेक्टर जनदर्शन में आज प्रधानमंत्री आवास की लंबित किस्तों के भुगतान, सीमांकन में देरी, छात्रवृत्ति न मिलने और क्षतिपूर्ति दिलाने जैसी कई अन्य आम समस्याएं भी सामने आईं। शिकायतों का अंबार लगा रहा, जो विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी लोगों की समस्याएं ध्यान से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की शिकायतें सुनीं। ग्राम जोरापारा को नया राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मोछ के जनपद सदस्य रामकुमार सिंगरौल ने ग्राम जोरापारा को नया राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग की। उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि जोरापारा की आबादी लगभग 1800 है और राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से यहां विकास कार्यों में तेजी आएगी। पेड़ गिरने से नुकसान, सर्वे कराने की मांग विकासखंड मस्तूरी के ग्राम लिमतरा निवासी मुरलीधर पटेल ने अपने पोल्ट्री फार्म पर तूफान से गिरे सागौन के पेड़ों से हुए नुकसान का सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने पेड़ों को हटाने और उनकी लकड़ियों का इस्तेमाल करने की अनुमति भी मांगी। तखतपुर के सेमरा निवासी राजेंद्र जायसवाल ने शिकायत की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त की राशि नहीं मिलने के कारण उनका मकान अधूरा पड़ा है। जोरापारा निवासी छात्रा रिंकी ने छात्रवृत्ति न मिलने की शिकायत की। उसने बताया कि 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद पात्र होने के बावजूद उसे अब तक छात्रवृत्ति नहीं दी गई है। आवेदन के महीनों बाद भी सीमांकन नहीं बेलतरा तहसील के ग्राम लिम्हा निवासी रेशमदास मानिकपुरी ने अपनी कृषि भूमि के सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में आवश्यक शुल्क जमा करने के बावजूद अब तक सीमांकन की कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जल्द सीमांकन कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। जनदर्शन में शहर के मिनीमाता नगर, तालापारा निवासी रविंद्र कुमार खुंटे ने आगजनी की घटना में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए आर्थिक सहायता राशि दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में उनके घर में आग लगने से घरेलू सामान और आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गई थीं। आवेदन के माध्यम से उन्होंने जल्द आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा बापू उप नगर निवासी दिव्यांग महिला सन्नो ने शासकीय योजना के तहत प्राप्त आबंटित को बदल कर हेमूनगर क्षेत्र में आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
<
