![]()
मुंगेली, लोरमी में स्कूली छात्राओं से छेड़खानी की घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। इसी क्रम में देवरहट में सरकारी शराब दुकान के बाहर सैकड़ों स्कूली छात्रों और ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया।
.
यह प्रदर्शन बीते शनिवार को हुई छेड़खानी की घटना के विरोध में किया गया। हरनाचाका गांव की छात्राएं देवरहट से स्कूल से लौट रही थीं, तभी दो युवकों ने उनके साथ छेड़खानी की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग डेढ़ महीने पहले गांव में सरकारी शराब दुकान खुलने के बाद से शराब के नशे में धुत लोग स्कूली छात्राओं से छेड़खानी करते हैं। इसी कारण गांव में बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रदर्शनकारियों ने हरनाचाका गांव से देवरहट तक पैदल मार्च निकाला और शराब दुकान बंद करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 15 दिन का समय दिया है और मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जनपद सदस्य विद्यानंद चंद्राकर ने कहा कि शराब दुकान खुलने के बाद से बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और आए दिन छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने शनिवार की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर शराब दुकान नहीं हटाई गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
<
