.
शहर के रामलीला मैदान में शुक्रवार रात गरबा महोत्सव में एक गैर-हिंदू युवक के प्रवेश करने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना थाने तक पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार युवक अपने दोस्तों के साथ गरबा देखने पहुंचा था। पंडाल में एंट्री करते ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे घेर लिया और आपत्ति जताने लगे। उनका कहना था कि यह धार्मिक आयोजन है। जहां गैर-हिंदू युवकों की मौजूदगी अनुचित है। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। आयोजकों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।
लेकिन हंगामे के कारण कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हो गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। युवक को थाने ले जाकर पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक अपनी सफाई में सिर्फ गरबा देखने आने की बात कह रहा है। वहीं बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बाहरी युवक त्योहार की आड़ में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं। घटना के बाद से शहर में चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे धार्मिक आयोजन में अनुशासन बनाए रखने का मामला मान रहे हैं, तो कई इसे अनावश्यक विवाद करार दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और जांच जारी है।
<
