![]()
कोरबा के एसईसीएल की गेवरा खदान से 6 हजार लीटर डीजल चोरी के मामले में दीपका पुलिस ने मुख्य आरोपी नवीन कश्यप सहित उसके गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। नवीन कश्यप जिला बदर अपराधी है। पुलिस ने इन आरोपियों को जांजगीर से घेराबंदी कर पकड़ा। इस मामले में इससे पहले भी 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को गेवरा खदान से डीजल चोरी का अपराध दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी नवीन कश्यप और उसके गिरोह के सदस्य आदतन अपराधी हैं और लंबे समय से डीजल चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। यह गिरोह एसईसीएल की कुसमुंडा, गेवरा और दीपका खदानों में डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (34) निवासी शांति नगर बलगी, शब्बीर मेमन (35) निवासी गांधी चौक गेवरा बस्ती कुसमुंडा और परमेश्वर सारथी (28) निवासी शांति नगर बलगी शामिल हैं। ये तीनों आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे और जांजगीर क्षेत्र में छिपे हुए थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक सीजी 12 बीयू 6064 और सीजी 28 पी 6555) और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले प्रकरण में धारा 111 और 303 बीएनएस तथा दूसरे प्रकरण में धारा 329(2), 303(2), 338, 336(3), 340 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि डीजल चोरी मामले में मुख्य आरोपी नवीन कश्यप और उसके गैंग के तीन सदस्य लंबे समय से फरार थे। नवीन कश्यप जिला बदर होने के कारण लगातार अपनी जगह बदल रहा था। इस मामले में पूर्व में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
<
