बलरामपुर जिले के तातापानी-विश्रामनगर निवासी युवा कलाकार उदित सरकार और उनकी टीम ने रियलिटी शो “इंडियाज गॉट टैलेंट” में अपनी जगह बनाई है। टीम को निर्णायक मंडल से गोल्डन बज़र मिला है, जिससे उन्होंने सीधे ग्रैंड फिनाले में प्रवेश कर लिया है।
.
एक साधारण परिवार से आने वाले उदित सरकार, सुब्रत सरकार के बेटे हैं। उन्हें बचपन से ही संगीत में गहरी रुचि थी। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय, जामवंतपुर से पूरी की। उनकी प्रतिभा को देखते हुए, उनके संगीत शिक्षक ने उन्हें इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
टॉप 14 फाइन लिस्टों में स्थान
जहां वे वर्तमान में बी.पी.ए. (संगीत) के थर्ड ईयर के छात्र हैं। इसी दौरान उदित और उनकी टीम का चयन “इंडियाज गॉट टैलेंट” के लिए हुआ। अपनी शानदार प्रस्तुति और अद्भुत वायलिन कला से उन्होंने सभी का दिल जीत लिया। उनके संगीत के प्रति समर्पण ने उन्हें शो के टॉप 14 फाइन लिस्टों में स्थान दिलाया।

ग्रैंड फिनाले में टीम ने बनाई जगह
शो में उनकी टीम की प्रस्तुति इतनी उत्कृष्ट रही कि निर्णायक मंडल में शामिल नवजोत सिंह सिद्धू, गायक शान और मलाइका अरोड़ा ने उन्हें गोल्डन बजर प्रदान किया। इस सम्मान के साथ ही उदित की टीम ने सीधे “इंडियाज गॉट टैलेंट” के ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली।
बंग समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष दिवाकर मुखर्जी ने कॉल पर उदित से बात की। उदित ने बताया, “सभी के आशीर्वाद से हमारी टीम ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ के 14 फाइन लिस्टों में शामिल हो चुकी है।” मुखर्जी ने उदित को आशीर्वाद देते हुए घर लौटने से पहले सूचना देने को कहा, ताकि उनका भव्य स्वागत किया जा सके।
<
