.
भारतीय किसान संघ के चार प्रमुख उत्सवों में से एक गोपाष्टमी पर्व पर भारतीय किसान संघ जिला द्वारा दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग एवं जिला स्तरीय गोपाष्टमी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिला मंत्री जीवन यादव ने बताया कि यह आयोजन 30 और 31 अक्टूबर को यूथ क्लब भवन सर्किट हाउस के सामने में होगा। दो दिवसीय कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के शीर्ष पदाधिकारी शामिल होकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। इसमें अखिल भारतीय महामंत्री मोहनी मोहन मिश्र, क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष माधो सिंह, प्रदेश महामंत्री नवीन शेष उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार दोपहर 2 बजे गौ माता पूजन एवं उद्बोधन सत्र से होगा। इसके बाद सायं 4 बजे से कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन सत्र प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग दो दिनों तक चलेगा। जिसमें जिले भर से किसान संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। प्रशिक्षण वर्ग में जिला कार्यकारिणी सदस्य और सभी तहसील कार्यकारिणी के सदस्य अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने कहा गया है। दो दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान कोई भी कार्यकर्ता घर नहीं जाएगा। सभी प्रतिभागियों को अपने साथ दैनिक उपयोग की सामग्री लाने को कहा गया है। जिनमें ब्रश, मंजन, साबुन, तेल, कंघी आदि शामिल हैं। साथ ही मौसम को ध्यान में रखते हुए ओढ़ने-बिछाने के कपड़े भी साथ लाने की बात कही गई है।
जिला मंत्री जीवन यादव ने बताया कि यह आयोजन भारतीय किसान संघ के लिए आध्यात्मिक और संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर किसान भाई एकजुट होकर गौ-सेवा और ग्राम उत्थान के संकल्प को सशक्त करेंगे। प्रशिक्षण वर्ग केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन सुदृढ़ीकरण और गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का भी माध्यम बनेगा। इसमें किसानों को गौ आधारित खेती, जैविक कृषि और ग्रामीण आत्मनिर्भरता के विषय पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
<



