धमतरी शहर में दीपावली से पहले बाजार में भारी जाम की स्थिति देखी गई। सदर बाजार से मठ मंदिर चौक होते हुए घड़ी चौक तक तीन और चार पहिया वाहनों के प्रवेश से यातायात बाधित रहा। यह स्थिति कलेक्टर-एसपी के फ्लैग मार्च से पहले बनी थी, जिससे खरीदारी करने आए लोग
.
दीपावली पर्व से कुछ दिन पहले ही बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़नी शुरू हो जाती है। सदर बाजार रोड और मठ मंदिर से घड़ी चौक तक लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसी दौरान तीन और चार पहिया वाहनों के बाजार में घुसने से लगभग सौ मीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे पैदल चलने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पुलिस-प्रशासन की टीम ने किया पैदल मार्च
कलेक्टर और एसपी के फ्लैग मार्च के बाद पुलिस व प्रशासन की टीम ने घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान कचहरी चौक, मठ मंदिर और घड़ी चौक के पास बैरिकेड लगाए गए। बैरिकेडिंग के बाद इन स्थानों पर तीन और चार पहिया वाहन नजर नहीं आए, जिससे यातायात सुगम हो सका।
स्थानीय लोगों का मानना था कि यदि पैदल मार्च से पहले ही इन प्रमुख चौकों पर बैरिकेड लगा दिए जाते, तो बाजार में वाहनों का प्रवेश रुक जाता और जाम की स्थिति से बचा जा सकता था। इससे खरीदारी करने आए लोगों को भी असुविधा नहीं होती।

असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी
यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी सूरज सिंह परिहार ने यातायात विभाग और नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फ्लैग मार्च के दौरान असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि अड्डेबाजी और गुंडागर्दी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के मद्देनजर जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी की गई है और मोबाइल चेक पोस्ट के साथ बड़े थानों में अतिरिक्त गश्त भी बढ़ाई गई है।

दीपावली प्रेम से मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क
कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वे शांति और भाईचारे के साथ दिवाली मनाएं, नशा करके झगड़ा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
उन्होंने बताया कि जिले में त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए तीन स्तरों पर योजना बनाई गई है। जगह-जगह एमसीपी (मोबाइल चेकिंग पॉइंट) लगाए गए हैं, फ्लैग मार्च किया जा रहा है, शहर में नाकेबंदी की गई है, बाइक पेट्रोलिंग, पैदल गश्त, रैंडम चेकिंग और गश्ती दल भी तैनात किए गए हैं।


<
