![]()
दुर्ग के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतका की बहू ही हत्या की आरोपी निकली। पुलिस के अनुसार, एक मामूली घरेलू विवाद इस वारदात का कारण बना।
.
यह घटना 16 अक्टूबर को ग्राम गोढ़ी में हुई थी। सुरेंद्र वर्मा ने नंदिनी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां उर्मिला वर्मा घर में मृत पाई गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जब परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए थे, तब घर पर केवल उर्मिला वर्मा और उनकी बहू रोशनी वर्मा मौजूद थीं। सुरेंद्र को पड़ोसी के फोन से सूचना मिली, जिसके बाद घर पहुंचने पर उन्होंने अपनी मां को बेडरूम में खून से लथपथ पाया। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। प्रारंभिक सबूत और बयानों के आधार पर पुलिस का शक बहू रोशनी वर्मा पर गहराया।
पूछताछ में 21 वर्षीय आरोपी रोशनी वर्मा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसकी दादी सास (उर्मिला वर्मा) उसे रोजाना खाना बनाने को लेकर ताने देती थीं और उसके हाथ का खाना नहीं खाती थी। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर रोशनी ने बेडरूम में रखे लोहे के हथौड़े से उर्मिला वर्मा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी बहू की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना घरेलू तनाव के कारण हुई थी।
<
