छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय बालोद के स्व. सरयु प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम गंजपारा में रविवार, 2 नवंबर से 4 नवंबर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया गया है।
.
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्टेडियम परिसर में मंच और स्टॉलों को आकर्षक रोशनी व सजावट से सुसज्जित किया गया है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने जिलेवासियों से राज्योत्सव में शामिल होकर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के इस गौरवशाली आयोजन के साक्षी बनने की अपील की है।

उत्सव की तैयारी लगभग पूरी हो गई है।
शाम 5 बजे विधायक डोमन लाल करेंगे शुभारंभ
राज्योत्सव समारोह का शुभारंभ रविवार शाम 5 बजे मुख्य अतिथि अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा करेंगे। पहले यह दायित्व स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को सौंपा गया था, जिसे अपरिहार्य कारणों से परिवर्तित किया गया है।
समारोह के आरंभ में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा स्वागत उद्बोधन देंगी। अतिथियों के संबोधन के बाद मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा।

अलग-अलग विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
पहले दिन लोक संस्कृति की झलक
राज्योत्सव के पहले दिन सबसे पहले गुण्डरदेही ब्लॉक के नवचेतना फाउंडेशन, कलंगपुर के कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली के विद्यार्थी बस्तर दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं को मंच पर जीवंत करेंगे।
तुमड़ीसुर आदिवासी नृत्य दल (डौंडी) रैला नृत्य की प्रस्तुति देगा। समापन में पेंड्री (गुण्डरदेही) के जवारा ग्रुप द्वारा पारंपरिक ददरिया गीत प्रस्तुत किया जाएगा।
तीन दिनों तक चलने वाले इस राज्योत्सव में जिले के लोक कलाकार, शिक्षण संस्थान के विद्यार्थी और स्थानीय समूहों की भागीदारी से बालोद की सांस्कृतिक धरोहर का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
अलग-अलग विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न विभागों की ओर से विकास कार्यों पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें जिले की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।
<
