![]()
बिलासपुर में मंगलवार को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में लोगों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। कुल 103 आवेदन सौंपे गए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि गलत खाते में ट्रांसफर होने, जल जीवन मिशन की टंकी सूखी रहने से पेयजल संकट और सार्वजनिक तालाब को निजी नाम पर दर्ज करने जैसे गंभीर मामले शामिल रहे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। बिल्हा विकासखंड के ग्राम गोढ़ी और पत्थरखदान के ग्रामीण सरपंच के साथ जनदर्शन पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव में जलस्तर 500 मीटर से नीचे चला गया है और जल जीवन मिशन की टंकी वर्षों से बंद पड़ी है, जिससे पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल परीक्षण कर पानी की व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। आवास योजना की किस्त दूसरे खाते में पचपेड़ी तहसील के ग्राम बिनौरी निवासी बुजुर्ग तुलसीराम कुर्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि में गड़बड़ी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके नाम स्वीकृत 95 हजार रुपये की किस्त किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दी गई। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को जांच कर राशि वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। तालाब निजी नाम पर दर्ज, जलस्रोत पाटने की शिकायत रतनपुर तहसील के ग्राम पोंड़ के ग्रामीणों ने चारडबरी तालाब को एक निजी व्यक्ति के नाम दर्ज किए जाने और उसे पाटने की शिकायत की। कलेक्टर ने कोटा एसडीएम को नामांतरण की वैधता की जांच कर तालाब संरक्षण की कार्रवाई करने को कहा। मुरूम चोरी से बिगड़ रहा जलसंतुलन मोछ गांव के ग्रामीणों ने सामूहिक आवेदन देकर कुम्हार तालाब में अवैध मशीनों से खुदाई कर मुरूम चोरी की शिकायत की। उनका कहना है कि इससे जलस्रोत और जनजीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। कलेक्टर ने उप संचालक खनिज को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। मुक्तिधाम से नहीं हट रहा अतिक्रमण बेलतरा तहसील के बैमा गांव के ग्रामीणों ने शिकायत की कि मुक्तिधाम से अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार का आदेश होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को तत्काल हस्तक्षेप करने के निर्देश दिए। अन्य मामलों पर भी कार्रवाई के निर्देश इन सभी मामलों में कलेक्टर ने संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अफसरों की मौजूदगी में सुनी गईं समस्याएं जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फिलहाल, जनदर्शन में उठे इन मुद्दों ने प्रशासनिक व्यवस्था की कई परतें खोल दी हैं। अब नजर इस बात पर है कि निर्देशों के बाद जमीन पर समाधान कितनी तेजी से नजर आता है।
<
