![]()
चार्जशीट में पहले 6 अन्य नाम, इनपर पुलिस पर पथराव का लगाया आरोप
.
चर्चित बिरनपुर हत्याकांड में सीबीआई कोर्ट में अगले माह से गवाही शुरू होगी। पिछले साल नवंबर में सीबीआई ने जांच पूरी होने के बाद कोर्ट में चार्जशीट पेश की थी। इस चार्जशीट में कई खुलासे हुए। हत्याकांड में मारे गए भुवनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू ने जिन लोगों पर आरोप लगाया था, उनका सीबीआई की चार्जशीट में जिक्र ही नहीं है।
साथ ही इस हत्याकांड को राजनीतिक बताया जा रहा था, चार्जशीट में इसका जिक्र भी नहीं है। चार्जशीट में स्पष्ट किया है कि इसमें किसी भी तरह की कोई राजनीतिक साजिश नहीं थी। सीबीआई ने कहीं भी अंजोर यदु के नाम की भूमिका का जिक्र नहीं किया है, जबकि विधायक ईश्वर साहू लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि अंजोर यदु की भूमिका के कारण ही हत्याकांड हुआ था।
सीबीआई चार्जशीट में पुलिस के 12 आरोपियों के अलावा 6 अन्य नाम भी शामिल किए गए। इस मामे में बवाल इतना बढ़ा कि गांव के कुछ घरों को आग के हवाले कर दिया गया। 10 अप्रैल को गांव के ही दो लोगों की हत्या कर दी गई। जिसके बाद बाद धारा 144 लगा दी गई।
सीबीआई की चार्जशीट में क्या..?
चार्जशीट के अनुसार, बेमेतरा के ग्राम बिरनपुर में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। 8 अप्रैल 2023 को स्कूल से लौटते समय चंचल साहू और सलीम खान के बीच साइकिल टकराने की बात पर विवाद हुआ। मामला बढ़ते-बढ़ते दोपहर को गांव के नवादा मंच पर पंचायत में पहुंचा।
हिंदू समुदाय के लोग चर्चा कर रहे थे, तभी समुदाय विशेष की भीड़ ने ईंट-पत्थर और हथियारों से हमला कर दिया। हमले में भुनेश्वर साहू को पकड़कर एक धर्मस्थल की ओर घसीटा गया और उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। तब उपनिरीक्षक बीनूराम ठाकुर अपने अन्य साथी पुलिसकर्मी के साथ पहुंचे, जिन पर भी पथराव हुआ।
इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जांच में पुलिस ने नवाब, जलील, बसीर, मुख्तार मोहम्मद, शफीक मोहम्मद, अब्दुल, अकबर, मोहम्मद जनाब, अयूब खान, निजामुद्दीन, राशिद खान, रसीद मोहम्मद उर्फ कल्लू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसमें सीबीआई ने 6 अन्य के नाम जोड़े हैं।
कांड के चलते 15 सीटों पर कांग्रेस हारी थी
बिरनपुर कांड के कारण 15 सीटों पर कांग्रेस चुनाव हार गई, चौबे, ताम्रध्वज, अकबर जैसे नेताओं की कश्ती डूबी बिरनपुर कांड के कारण कांग्रेस को बेमेतरा और दुर्ग जिले में सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा। यहां हुए हिंदु-मुस्लिम विवाद के कारण कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
जिन सीटों पर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ इसमें साजा, बेमेतरा, कवर्धा, पंडरिया, वैशालीनगर, अहिवारा, लोरमी, दुर्ग ग्रामीण, तखतपुर समेत रायपुर जिले की सीटों पर भी खासा नुकसान उठाना पड़ा। इसका परिणाम यह हुआ कि कांग्रेस के दिग्गज नेताओं रविंद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, गुरु रुद्रकुमार, मोहम्मद अकबर, आशीष छाबड़ा जैसे नेता विधानसभा चुनाव हार गए। इसका असर रायपुर जिले की सभी सातों सीटों पर भी पड़ा जहां पर कांग्रेस को बुरी तरह हाल झेलनी पड़ी।
<
